फर्रुखाबाद में नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत,परिजनों ने किया हंगामा
फर्रुखाबाद, 24 जुलाई (हि. स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में शुक्रवार को प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने नर्सिंग होम के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा कर हंगामा किया। मोके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। शिवानी उर्फ गोल्डी(22) पत्नी अभिषेक निवासी नवादा थाना नवाबगंज को प्रसव पीड़ा के चलते गुरुवार काे शाम 5:00 बजे निजी हॉस्पिटल आवास विकास में भर्ती कराया गया था।
आज भाेर में लगभग चार बजे डिलवरी दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। मृतक शिवानी की शादी एक वर्ष पूर्व 15 अप्रैल 2025 को अभिषेक के साथ हुई थी। शिवानी के पति अभिषेक ने आरोप लगाया कि नर्सिंग होम की डॉक्टर की लापरवाही से उनकी पत्नी व नवजात की मौत हुई है। इसको लेकर परिजनों ने जम कर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar