फर्रुखाबाद में फिर मिला नवजात का शव,पुलिस जांच में जुटी
फर्रुखाबाद, 02 अगस्त( हि. स.) । उत्तरप्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के थाना कादरी गेट क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रविवार को कादरी गेट चौकी से लगभग 200 मीटर दूरी पर पांचालघाट रोड स्थित सड़क किनारे एक गड्ढे में नवजात बालक का शव पड़ा मिला।स्थानीय लोगों ने डायल 112 और थाना कादरी गेट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी के.के. कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार नवजात मृत अवस्था में मिला तथा उसके सिर का कुछ हिस्सा आवारा कुत्तों ने नोच लिया गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी थाना कादरी गेट क्षेत्र के आवास विकास चौकी अंतर्गत बढ़पुर स्थित कूड़े के ढेर के पास एक नवजात का शव मिला था, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
चौकी प्रभारी केके.कश्यप ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर किसी ने नवजात को यहां फेंका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar