फर्रुखाबाद : नवाबगंज चर्चित हत्याकांड में गांव का ही युवक गिरफ्तार

 


-ऑनलाइन गेम में रुपये हारा तो बन बैठा हत्यारा, बुजुर्ग महिला की गला घोटकर हत्या कर लूटे कुंडल

फर्रुखाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार काे खुलासा कर दिया है। ऑनलाइन गेमिंग की लत और आर्थिक तंगी से परेशान एक युवक ने ही अपने गांव की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद कर लिए हैं।

थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि 16 नवंबर 2026 को ग्राम भगौरा में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर उनके कानों से सोने के कुंडल लूट लिए गए थे। परिजनों की तहरीर पर थाना नवाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 364/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से विवेचना आगे बढ़ी तो गांव के ही दिनेश कुमार पुत्र फूल सिंह शाक्य का नाम सामने आया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कुंडल देखकर बिगड़ी नीयत, रेकी कर खेत में छिपा

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नोएडा में नौकरी करता है और दिवाली के त्योहार पर अपने गांव आया था। इसी दौरान उसे मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई। गेम में वह कई बार रुपये हार चुका था। आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई थी कि उसके पास वापस नोएडा जाने के लिए किराये तक के पैसे नहीं बचे थे। इसी बीच उसकी नजर गांव की बुजुर्ग महिला के कानों में पहने सोने के कुंडलों पर पड़ी। रुपये की जरूरत और लालच में उसने कुंडल लूटने की योजना बना ली। इसके लिए उसने पहले महिला की गतिविधियों की रेकी की और पता लगाया कि वह खेतों की तरफ जाती हैं। वारदात वाले दिन वह पहले से ही खेत में जाकर छिप गया और महिला के आने का इंतजार करने लगा।

महिला के खेत में पहुंचते ही आरोपित ने उनके कुंडल छीनने का प्रयास किया। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो पकड़े जाने के डर से आरोपित ने अपने अंगोछे से उनका गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद वह महिला के कानों से कुंडल उतारकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मृतका के लूटे गए एक जोड़ी पीली धातु के सोने के कुंडल, एक मोबाइल फोन, 150 रुपये नकद और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 309(4) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर