फर्रुखाबाद में गंगा, रामगंगा और काली नदी पर 900 करोड़ की लागत से बनेंगे पुल : मुकेश राजपूत
- सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया
फर्रुखाबाद , 02 मार्च (हि.स.)। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने आज पत्रकार वार्ता में बताया कि जनपद फर्रुखाबाद में गंगा, रामगंगा और काली नदी पर तीन बड़े पुलों समेत अन्य पुलों के निर्माण के लिए करीब 900 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। सभी पुल फोरलेन बनाए जाएंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। साथ ही उन्हाेंने हाेली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन से अपील की है कि चेकिंग अभियान के दौरान किसी भी आम नागरिक का उत्पीड़न न करें।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि जनपद फर्रुखाबाद के विकास के लिए कई याेजनाएं चल रही हैं। लाेगाें का कल्याण किया जा रहा है। जिले में गंगा, रामगंगा और काली नदी पर तीन बड़े पुलों समेत अन्य पुलों के निर्माण के लिए करीब 900 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। सभी पुल फोरलेन बनाए जाएंगे। इस मंजूरी के लिए सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। फ्लाईओवर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि देवरेपुर क्रॉसिंग पर पहले फ्लाईओवर बनाने की मांग रेल मंत्री से की गई है, जबकि कायमगंज का फ्लाईओवर बाद में बनाया जाएगा। एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि पांचाल घाट पर 5 करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर बनाया जाएगा, जिससे गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि जिले में सड़कों की चौड़ाई 7 से 10 मीटर तक की जा रही है और बिजली व्यवस्था में भी सुधार हुआ है। यह सब केंद्र और प्रदेश सरकार की देन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar