मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा अमृतपुर, गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य विसर्जन शोभायात्रा
फर्रुखाबाद, 20 अक्तूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में दशहरा के अवसर पर मंगलवार को अमृतपुर कस्बे के फखरपुर रोड स्थित पछाये मोहल्ले में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। मां दुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मां के जयकारों से कस्बे की गलियां गूंज उठीं। भक्ति गीतों की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
प्रतिमा विसर्जन से पहले श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमा को कस्बे के प्राचीन धार्मिक स्थल ठाकुरद्वारा ले गए। यहां आचार्य घनश्याम पांडेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद प्रतिमा को वापस पूजा पंडाल लाया गया, जहां से उसे सुसज्जित ट्रैक्टर पर विराजमान कर विसर्जन यात्रा शुरू हुई।
जयकारों के बीच प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन किए और जयकारे लगाकर अपनी आस्था प्रकट की। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु झूमते नजर आए। शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति के माहौल ने आयोजन को विशेष बना दिया। शोभायात्रा के समापन पर मां दुर्गा की प्रतिमा को बलीपट्टी रानीगांव स्थित गंगा घाट ले जाया गया। यहां दूध, दही, चीनी, पंचामृत और गंगाजल से प्रतिमा को स्नान कराया गया। इसके बाद धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर प्रतिमा का गंगा में विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान पूर्व प्रधान प्रदीप सिंह राठौर उर्फ भद्दू भैया, प्प्रधान सचिन देव तिवारी, जितेंद्र सिंह चौहान और जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मां दुर्गा सेवा समिति के ज्ञानेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, अमित सिंह, श्यामवीर सिंह, अरुण कुमार, कौशलेंद्र सिंह, शिवम सिंह, मंगल सिंह, प्रवल सोमवंशी और अमर सोमवंशी सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर