फर्रुखाबाद : प्रधान आरक्षी को अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

 


फर्रुखाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की पुलिस लाइन से विभागीय कार्य निपटाकर मोटरसाइकिल से लौट रहे हेड कांस्टेबल को अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर में तैनात हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार 21 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूपी 76 एजे 0696 से विभागीय कार्य के सिलसिले में पुलिस लाइन गए थे। वहां से काम निपटाकर वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान थाना कादरी गेट क्षेत्र में वन चेतना केंद्र के सामने अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

अचानक हुई टक्कर से हेड कांस्टेबल मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घायल दीवान को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर