फर्रुखाबाद में भाइयाें के साथ पशुओं को चारा लेने जा रही बहन गंगा में डूबी, तलाश जारी

 




फर्रुखाबाद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद थाना कमालगंज क्षेत्र में गुरुवार को दो भाइयों के साथ पशुओं का चारा लेने जा रही छात्रा गंगा नदी पार करते समय डूब गई। बडे़ भाई ने छोटे भाई को बचा लिया लेकिन बहन का बचाव नहीं कर सका। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भोजपुर निवासी विनोद कुमार वर्मा की 14 वर्षीय पुत्री गुलशन, 11 वर्षीय पुत्र अनुराग एवं 17 वर्षीय पुत्र रोहित आज दोपहर गांव के पीछे गंगा नदी पार कर घास काटने जा रहे थे। गंगा नदी से पार करते समय गुलशन एवं अनुराग अचानक गहराई में चले जाने के कारण डूबने लगे। रोहित ने तैरकर भाई एवं बहन को बचाने का प्रयास किया । इस दौरान अनुराग ने रोहित के पैर पकड़ लिए जिसके कारण वह डूबने से बच गया। गुलशन गहरे पानी में डूब कर बह गई।

सूचना मिलने पर गुलशन के परिजन एवं गांव वाले मौके पर पहुंचे, गांव वालों ने गुलशन को तलाश किया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी रामसहाय एवं भोजपुर चौकी इंचार्ज अखिलेश कुमार ने नाव से गुलशन को तलाशा। थानाध्यक्ष ने पुलिस लाइन से तैराक सिपाहियों को बुलाने के लिए सूचना भेजी। फिलहाल छात्रा का कोई पता नहीं चला। गुलशन गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है। थाना प्रभारी राम सहाय ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने की वजह से गुलशन का पता नहीं चल पा रहा है।फिलहाल गोता खोर तलाशने में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर