फर्रुखाबाद में रेलवे गढ़िया अंडर पास 25 दिन के लिए बंद, मरम्मत शुरू
फर्रुखाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में नीबकरोरी रेलखंड पर गढ़िया के पास स्थित रेलवे अंडरपास को मरम्मत कार्य के चलते 14 जुलाई से अगले 25 दिनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। बघार और शहर के बीच आवागमन करने वाले लाेग असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों (हाईवे) का उपयोग करें।
बघार और शहर को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग कई वर्षों से गहरे गड्ढों और बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। फिरोजाबाद के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) महेश कुमार ने जानकारी दी है कि अंडरपास की सड़क की ऊपरी परत (वियरिंग कोट) में एक-एक फीट गहरे गड्ढे हो गए थे। अब इस पुराने वियरिंग कोट को पूरी तरह तोड़कर नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। रेलवे ने कार्य के लिए आवश्यक सामग्री एकत्रित कर ली है और सुचारू कार्य के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar