फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी ने ढाई घाट पर लगने वाले कार्तिक मेले की व्यवस्थाएं देखी, दिये जरुरी निर्देश

 


फर्रुखाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के गंगातट ढाई घाट पर लगने वाले कार्तिक मेले का शनिवार को जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने शमशाबाद स्थित ढाई घाट पर 23, 24 एवं 25 नवम्बर को मेला आयोजित हाेगा। निरीक्षण में अधिकारियों ने मेला परिसर, घाट एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्तिक मेले में सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त एवं मजबूत बैरीकेडिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। इसके साथ ही घाट एवं मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने मेले में स्थापित होने वाले झूलों एवं अन्य मनोरंजन संबंधी गतिविधियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झूलों की स्थापना से पूर्व उनकी गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की विधिवत जांच कराई जाए। निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूर्ण करने वाले झूलों को ही स्थापना की अनुमति प्रदान की जाए। किसी भी दशा में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न की जाए, ताकि मेले में आने वाले बच्चों एवं अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी कायमगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर