शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर दिखाई देना चाहिए : जिलाधिकारी
फर्रुखाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही और कागजी खानापूरी अब बर्दाश्त नहीं होगी। कमालगंज थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि राजस्व विभाग ने नियमानुसार कब्जा दिलाने के बाद कराई पत्थरबंदी हटाने या क्षतिग्रस्त करने वालों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर दिखाई देना चाहिए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतें सुनीं। भूमि विवादों के मामलों में डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने तथा स्थलीय जांच के बाद निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नियमानुसार कब्जा दिलाने के बाद मौके पर कराई गई पत्थरबंदी को सुरक्षित रखना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति इसे हटाने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता है तो मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने साफ किया कि भूमि विवादों का प्रभावी समाधान न होने से बार-बार विवाद की स्थिति बनती है, इसलिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटें।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में मिलने वाली शिकायतों को महज औपचारिकता न समझा जाए। प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर तथ्यों की जांच की जाए और वास्तविक समाधान कराया जाए। शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से थाने और सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। बिना स्थलीय परीक्षण और ठोस कार्रवाई के शिकायतों का निस्तारण दिखाने की प्रवृत्ति पर भी रोक लगाने की जरूरत बताई।
समाधान दिवस में कुल आठ शिकायतें आईं। खास बात यह रही कि सभी आठों शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इनका प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम के सख्त रुख ने स्पष्ट कर दिया कि प्रशासनिक जवाबदेही केवल निर्देश जारी करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अब अधिकारियों की कार्यशैली का आकलन इस बात से होगा कि शिकायतकर्ताओं को कितनी जल्दी और कितना प्रभावी न्याय मिलता है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पुष्कर वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार, थाना प्रभारी कमालगंज सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर