फर्रूखाबाद जिले का नाम बदलने को 21 हजार लोगों ने किया हस्ताक्षर
फर्रुखाबाद, 25 फरवरी( हि.स.)। हिंदू समाज पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने जनपद फर्रूखाबाद का नाम बदलकर ऐतिहासिक एवं पौराणिक नाम ‘पांचाल नगर’ किए जाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। बुधवार को औपचारिक रूप से अभियान समाप्त कर दिया गया।
अभियान के समापन की घोषणा कटरा स्थित एक धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने बताया कि अभियान को आम जनमानस का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। उनके अनुसार, कुल 21 हजार 850 नागरिकों ने हस्ताक्षर कर नाम परिवर्तन के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि होली पर्व के उपरांत पार्टी पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से भेंट कर हस्ताक्षरित पत्रों की छायाप्रति तथा नाम संशोधन का औपचारिक प्रस्ताव सौंपेंगे।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश मिश्रा ने हस्ताक्षर करने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समर्थन दर्शाता है कि यह विषय जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों ने स्वेच्छा और उत्साह के साथ अभियान में भागीदारी की। जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि जनता की भावना का सम्मान करते हुए सरकार को इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शासन और प्रशासन स्तर पर सकारात्मक पहल की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, ‘पांचाल नगर’ नाम का संबंध ऐतिहासिक और पौराणिक पृष्ठभूमि से है, जिसे पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar