भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित संगठन है : शंकर लाल लोधी

 


फर्रुखाबाद, 21 सितंबर( हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी तथा नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत साेमवार काे एक दिवसीय प्रवास पर जनपद फर्रुखाबाद पहुंचे। स्वागत कार्यक्रम के बाद भाजपा जिला मुख्यालय में पदाधिकारियाें की संगठनात्मक बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिये।

इसके उपरांत प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी एवं जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां जिला कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी ने कहा कि भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित संगठन है। नवीन दायित्व प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास और विकास के बारे में जानकारी होनी चाहिए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों के योगदान से जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन का विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन परिवर्तनशील है और समय-समय पर नए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जाती हैं। यह दायित्व संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दिए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो 17 अक्टूबर तक चलेंगे। अभियान के अंतर्गत बूथ स्तर से लेकर विधानसभा एवं लोकसभा स्तर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव सभी कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी चुनौती है। कार्यकर्ताओं को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन के प्रत्येक अभियान एवं कार्यक्रम को सफल बनाने का कार्य करना है।

नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम सहित देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के पश्चात कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य किया गया।

जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने संगठनात्मक जानकारी देते हुए बताया कि पूरे जनपद में 1,612 बूथ गठित किए गए हैं तथा 257 शक्ति केंद्र बनाए गए हैं।

संगठनात्मक बैठक का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला महामंत्री मांशू गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य कुलदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर