बच्चों ने भरे देशभक्ति के रंग, हर घर तिरंगा अभियान में हुई चित्रकला प्रतियोगिता

 


फर्रुखाबाद, 10 अगस्त (हि. स .)। बेसिक शिक्षा विभाग फर्रुखाबाद द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत साेमवार काे रहमानी गर्ल्स इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद एवं मंडी परिसर अर्रा पहाड़पुर में बाढ़ प्रभावित बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बाढ़ की विषम परिस्थितियों एवं विभिन्न चुनौतियों के बावजूद बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे, राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति से जुड़े मनमोहक चित्रों का निर्माण किया।

प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में राष्ट्रीय भावना, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नगर आई०पी० सिंह एवं नायब तहसीलदार सदर की उपस्थिति रही। अधिकारियों द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की गई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar