किसान के बेटे ने योगासन में जीता गोल्ड, जिले का बढ़ाया मान
मीरजापुर, 26 जुलाई (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के बौंता बिशेषर गांव निवासी किसान के बेटे शिवराज बिंद ने राज्य स्तरीय सातवीं ओपन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप योगासन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर मीरजापुर का नाम रोशन किया है। लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने आर्टिस्टिक सोलो सुपर सीनियर योगासन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में शिवराज बिंद ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश सिंह, निदेशक डॉ. रूबी श्रीवास्तव, महासचिव ए.के. सक्सेना, योगेंद्र चौधरी और राजेश वर्मा ने उन्हें स्वर्ण पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शिवराज इससे पहले असम में आयोजित नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उनकी लगातार सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर पिता बनवारी लाल बिंद, माता रामकली सहित प्रधान शोभनाथ बिंद, प्रकाश बिंद, मनोज पाठक, विद्या सरोज, आशीष यादव, सियादुलारी, बृजेश जायसवाल, राजेश मिश्र और शिवकुमार बिंद समेत क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा