फार्मर रजिस्ट्री में भूमि विवरण कम दर्ज होने से किसानों को नहीं मिल रही पर्याप्त खाद, सहकारी समिति पर प्रदर्शन
मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा क्षेत्र स्थित साधन सहकारी समिति सोनपुर पर शुक्रवार को किसानों ने पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि फार्मर रजिस्ट्री में उनकी भूमि का विवरण वास्तविक रकबे से कम दर्ज होने के कारण उन्हें आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक नहीं मिल पा रहा है।
किसान चंद्रमा सिंह, ब्योमेश सिंह, धर्मराज सिंह, अमर सिंह, ओमशंकर सिंह और प्रदीप सिंह ने बताया कि उनके नाम पर वास्तविक कृषि भूमि अधिक है, लेकिन फार्मर रजिस्ट्री में कम रकबा दर्ज होने से समिति से निर्धारित मात्रा में ही खाद मिल रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है। किसानों ने मांग की कि खतौनी में दर्ज भूमि के आधार पर पहले की तरह खाद उपलब्ध कराई जाए।
प्रदर्शन में धनंजय सिंह, अशोक सिंह, प्रमोद सिंह, मुन्ना सिंह, कैलाश सिंह, नयन सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
साधन सहकारी समिति सोनपुर के सचिव समरजीत सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज भूमि के आधार पर ही उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभिलेख में जितनी भूमि दर्ज है, उसके अनुसार प्रति हेक्टेयर पांच बोरी डीएपी तथा सात बोरी यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा