मीरजापुर : डीएपी-यूरिया के लिए सहकारी समितियों पर उमड़ी भीड़, खाद को लेकर किसानों का हंगामा
मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में धान की रोपाई शुरू होते ही जिगना क्षेत्र में डीएपी और यूरिया की मांग बढ़ गई है। साधन सहकारी समितियों पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। गुरुवार को चितौली (कुशहां) स्थित साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण के दौरान किसानों ने पर्याप्त मात्रा में उर्वरक न मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
किसानों का कहना है कि आवश्यकता के अनुरूप डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई किसानों ने नकली और मिलावटी उर्वरकों की बिक्री की आशंका भी जताई। क्षेत्र के कोलेपुर, खैरा, नरैना, नरोइयां, गौरा, नौगांव, बबुरा, बौड़ई और चितौली सहित अन्य समितियों पर भी खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें देखी गईं।
चितौली समिति के सचिव ओमशंकर तिवारी ने बताया कि वर्तमान में समिति पर 305 बोरी डीएपी और 680 बोरी यूरिया उपलब्ध है। किसानों को फार्मर आईडी, खतौनी और बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर खाद वितरित की जा रही है। एक साथ अधिक खाद लेने की होड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
अपर जिला सहकारी अधिकारी द्वारिकानाथ तिवारी ने बताया कि समितियों पर आवश्यक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। स्टॉक समाप्त होने से पहले नई खेप पहुंच जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे घबराकर खुले बाजार से खाद न खरीदें, क्योंकि इससे ठगी का शिकार होने की आशंका रहती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा