पुरानी रंजिश में किसान की पीट-पीटकर हत्या, आरोपितों की तलाश में पुलिस
वाराणसी, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरजी गांव में शनिवार दाेपहर पुरानी रंजिश को लेकर हुई हिंसक मारपीट में 50 वर्षीय किसान भोथू यादव उर्फ ओम प्रकाश यादव की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनाें ने हत्या का आराेप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है।
पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, ग्राम बरजी निवासी भोथू यादव उर्फ ओम प्रकाश यादव के साथ गांव के ही अनीश यादव तथा कुछ अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय रेफर कर दिया। बाद में उन्हें ट्रॉमा सेंटर, बीएचयू भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी रही कि हमलावरों ने किसान के पैर में गोली मारी थी। हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया गोली चलने की सूचना की पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा और थाना प्रभारी फूलपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य संकलित करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, 14 मई को भी अनीश यादव और उसके परिवार के लोगों ने भोथू यादव के पुत्र ललित यादव के साथ मारपीट की थी। उस विवाद के निपटारे के लिए 30 मई को गांव में बिरादरी की पंचायत भी आयोजित की गई थी। माना जा रहा है कि उसी विवाद की पृष्ठभूमि में शनिवार की घटना हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी