खेत में भरे बरसात के पानी में गिरा किसान, मौत
फर्रुखाबाद,21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना राजेपुर के ग्राम शेराखार में मंगलवार दोपहर खेत के पास जमा बरसाती पानी में किसान गिर गया। यह देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पानी से निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से पत्नी सहित तीन छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेराखार ग्राम निवासी इंद्रेश पुत्र नन्हेलाल (38) मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे अपने पशुओं को चराने के लिए खेतों की ओर गए थे। खेत के पास बरसात का पानी जमा था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेत में गिरते ही किसान को अचानक दौरा पड़ा, जिससे वह बेहोश हो गई। यह देख खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पंहुचे और किसान इंद्रेश को अचेत अवस्था में देखते ही तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर आ गए और 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी का रो-रोकर बेहाल है, जबकि तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने बताया कि मृत इंद्रेश मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई जा रही है, ऐसे में कमाऊ सदस्य की मौत ने परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar