खेत में दौड़े करंट ने ली किसान की जान, परिवार में मचा कोहराम

 


मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट गांव में मंगलवार सुबह करंट की चपेट में आने से खेत की सिंचाई कर रहे किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

कैलहट गांव निवासी 40 वर्षीय जय सिंह पुत्र बंगाली सिंह ने घर के पास स्थित खेत में बैंगन की खेती कर रखी थी। फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर लोहे का तार लगाया गया था। बताया गया कि पिछले दिनों आए आंधी-तूफान में एलटी लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया था, जो खेत में लगे लोहे के तार के संपर्क में आ गया था। इससे पूरे तार में करंट प्रवाहित होने लगा।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जय सिंह खेत में लगे तार को समेटने पहुंचे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रीना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि करंट लगने से किसान की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा