सर्पदंश से किसान की मौत
मीरजापुर, 17 जुलाई (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के पड़रिया खुर्द गांव में शुक्रवार को विषैले सर्प के डसने से एक किसान की मौत हो गई। खेत से घर लौटते समय हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़रिया खुर्द गांव निवासी 40 वर्षीय ऊदल शुक्रवार सुबह रोज की तरह अपने खेत पर काम करने गए थे। शाम को काम समाप्त कर जब वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। किसी तरह वह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ऊदल अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी दो पुत्रियां हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी अभी अविवाहित है।
मड़िहान थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि सर्पदंश से किसान की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा