मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय : सेवा, समर्पण और सौहार्द को मिला सम्मान, विदाई समारोह बना यादगार

 


- मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में भावुक हुए साथी, तीन अधिकारियों को कहा अलविदा

मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित विदाई समारोह भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता का साक्षी बना। विश्वविद्यालय परिवार ने परीक्षा नियंत्रक महेंद्र कुमार, सहायक कुलसचिव प्रेमचंद और सत्येंद्र अग्रवाल के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने तीनों अधिकारियों को शाल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना की। कुलपति ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, परीक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा ने संस्थान की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन अपने कार्य और व्यवहार से जो छाप व्यक्ति छोड़ जाता है, वह लंबे समय तक लोगों के दिलों में बनी रहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों अधिकारी अपने नए दायित्वों पर भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

समारोह के दौरान कई वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए। सहकर्मियों ने तीनों अधिकारियों के सहयोगी स्वभाव, सरल व्यवहार और कार्यकुशलता को याद करते हुए कहा कि उनका साथ विश्वविद्यालय परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। इस दौरान कई क्षण ऐसे भी आए जब उपस्थित लोग भावुक नजर आए।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने तीनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके सुखद, स्वस्थ और सफल भविष्य की कामना की। समारोह में नवनियुक्त परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र, वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, राजकीय महाविद्यालय उमरिया के प्राचार्य प्रो. सूबेदार यादव, प्रो. देवेंद्र पांडेय, प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, प्रो. रंजन कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

-----------

--

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा