ग्रहण के साए में फाल्गुन पूर्णिमा, मां के दरबार में रही कम भीड़

 


मीरजापुर, 03 मार्च (हि.स.)। मां विन्ध्यवासिनी मंदिर में फाल्गुन पूर्णिमा पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ दर्शन-पूजन किया। हालांकि चंद्रग्रहण के प्रभाव के चलते इस बार भक्तों की भीड़ सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रही।

सुबह मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो दोपहर में कपाट बंद होने तक जारी रहा। श्रद्धालु विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान-दान करने के बाद पूजन सामग्री के साथ मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से मां के दर्शन किए। मां विंध्यवासिनी के साथ ही भक्तों ने मां महाकाली और अष्टभुजी देवी के दरबार में भी हाजिरी लगाई।

ग्रहण काल को देखते हुए दोपहर 3:15 बजे मंदिर का कपाट बंद कर दिया गया, जो करीब चार घंटे तक बंद रहा। शाम 6:30 बजे ग्रहण समाप्त होने के बाद संध्या आरती संपन्न हुई और रात 8 बजे पुनः कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। ग्रहण के कारण बाहरी जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम रही, जबकि आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने पहुंचकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा