गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, नव दंपतियों ने मां शीतला से मांगा आशीर्वाद
मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ मास की तृतीया तिथि पर सोमवार को हलिया क्षेत्र स्थित गड़बड़ा धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां शीतला के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं।
महिला और पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग कतारों में खड़े होकर विधि-विधान से मां शीतला की पूजा-अर्चना करते नजर आए। खास तौर पर नव दंपतियों ने मां के चरणों में शीश नवाकर दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना की।
दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की खासी भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।
मंदिर के आसपास प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां शीतला के दर्शन से रोगों से मुक्ति मिलती है और घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। दर्शन के बाद लोगों ने श्रृंगार व घरेलू सामान की भी खरीदारी की। मंदिर पुजारी मंगलधारी ने बताया कि भोर से लेकर दिनभर में करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा