अदलपुरा बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शीतला का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में महिलाओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया और मन्नतें पूरी होने पर पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। मंदिर पर मौजूद पुजारी उमाशंकर, रमाशंकर, विजय साहनी और अभिषेक साहनी ने श्रद्धालुओं को विधिवत दर्शन-पूजन कराया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोतवाल विजय शंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे और व्यवस्था संभालते नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा