गड़बड़ा धाम में उमड़ी आस्था, 40 हजार श्रद्धालुओं ने किए मां शीतला के दर्शन

 


मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। जनपद के गड़बड़ा स्थित प्रसिद्ध मां शीतला धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर में मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। क्षेत्र के अलावा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के रीवा और मऊगंज जनपद से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे।

मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां शीतला को नारियल, चुनरी, हलुआ-पूड़ी अर्पित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। नवविवाहित दंपतियों ने मां के चरणों में मत्था टेककर सुखी दांपत्य जीवन, दीर्घायु तथा परिवार की खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं का मानना है कि मां शीतला की आराधना और दर्शन से रोग-व्याधियों से मुक्ति मिलती है तथा परिवार में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां शीतला के नाबदान के जल का लेप करने से चेचक जैसी बीमारियों से भी राहत मिलती है। इसी आस्था के चलते दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे।

मंदिर परिसर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की खासी भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते रहे।

दर्शन-पूजन के साथ ही मंदिर परिसर के आसपास लगे प्रसाद, पूजन सामग्री, श्रृंगार सामग्री एवं गृह उपयोगी वस्तुओं की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद खरीदारी भी की।

हालांकि मंदिर के गर्भगृह में साफ-सफाई की कमी के कारण फर्श पर फिसलन बनी रही, जिससे श्रद्धालुओं को सावधानी बरतनी पड़ी।

मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि भोर से लेकर शाम तक लगभग 40 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा