गड़बड़ा धाम में उमड़ी आस्था, 10 हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा

 


मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख कृष्ण चतुर्थी पर सोमवार को गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

भोर में मंगला आरती के बाद ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। श्रद्धालुओं ने पहले सेवटी नदी में स्नान किया, इसके बाद महिला-पुरुष अलग-अलग कतारों में लगकर मां के दर्शन के लिए इंतजार करते रहे। मंदिर का कपाट खुलते ही भक्त मां की एक झलक पाकर धन्य हो उठे।

श्रद्धालु नारियल, चुनरी, हलवा-पूरी, फल-फूल व मिष्ठान अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मां के चरणों में समर्पित करते नजर आए। मंदिर पुजारी मंगलधारी मिश्र के अनुसार, दिनभर में करीब 10 हजार से अधिक भक्तों ने दरबार में मत्था टेका।

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराते रहे, वहीं महिला पुलिसकर्मी गर्भगृह में व्यवस्था संभालती रहीं। मेले में भी खास रौनक रही। श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं ने दुकानों से लकड़ी के खिलौने, श्रृंगार सामग्री सहित विभिन्न सामानों की खरीदारी की। पूरे दिन गड़बड़ा धाम जयकारों से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा