कोटार शिवधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक
- अदवा नदी में स्नान के बाद भोलेनाथ को चढ़ाया जल, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शिवधाम
मीरजापुर, 10 अगस्त (हि.स.)। सावन के दूसरे सोमवार को हलिया क्षेत्र का प्रसिद्ध कोटार शिवधाम आस्था के रंग में डूबा रहा। अदवा नदी के बीच टीले पर विराजमान भगवान शिव और माता पार्वती के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर में करीब एक लाख से अधिक भक्तों द्वारा जलाभिषेक करने का दावा किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं ने पहले अदवा नदी में स्नान किया और इसके बाद भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित की। माता पार्वती को माला-फूल चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। ड्रमंडगंज सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवड़िये डीजे और बाजे-गाजे के साथ धाम पहुंचे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
मंदिर के पुजारी जैराम गिरि, शिवराम गिरि और राजाराम गिरि ने बताया कि सावन में भगवान शिव का दर्शन, पूजन और जलाभिषेक करने से श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इससे आरोग्य, अखंड सौभाग्य और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हलिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। अदवा नदी के पास कोटार मार्ग और सोठिया मार्ग पर तीन बैरियर लगाकर भीड़ को नियंत्रित किया गया। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और जलाभिषेक कराने में भी सहयोग करते नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा