कोटर शिवधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। अधिक मास के अंतिम दिन सोमवती अमावस्या पर हलिया क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कोटर शिवधाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। साेमवार भोर से ही श्रद्धालुओं का हुजूम बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र दिनभर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
अदवा नदी में स्नान करने के बाद श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, पुष्प, गंगाजल, दूध, भांग, धतूरा और पूजन सामग्री लेकर लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। कोटर शिवधाम में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के जनपदों और दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जलाभिषेक के बाद कई श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों का माहौल बना रहा।
मंदिर के पुजारी सीताराम गिरी और जयराम गिरी ने बताया कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर भोर से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। उनके अनुसार एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। कोटर शिवधाम के साथ गड़बड़ा शीतला धाम क्षेत्र में भी पुलिस की विशेष निगरानी रही, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा