गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां शीतला के दर्शन को पहुंचे 80 हजार श्रद्धालु

 


- नवरात्र के दूसरे दिन तड़के चार बजे से लगी कतारें, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और सीसीटीवी से निगरानी

मीरजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के सुप्रसिद्ध गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां ब्रह्मचारिणी की आराधना के लिए तड़के चार बजे से ही दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और देर रात तक करीब 80 हजार से अधिक श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन कर चुके थे। मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी और फूल-माला लेकर माता के दरबार में पहुंचे। मीरजापुर के अलावा आसपास के जनपदों और प्रयागराज से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन-पूजन के लिए आए। सुबह की आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मां को नारियल, फल-फूल, गुड़हल की माला और हलवा-पूड़ी अर्पित कर भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

भीड़ नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग

मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ला सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परिसर की निगरानी करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर हलिया थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव और ड्रमंडगंज थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे। भीड़ नियंत्रण और आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

मेले में बच्चों ने उठाया खरीदारी का आनंद

मंदिर के बाहर लगे मेले में भी दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री और घरेलू जरूरत के सामान की खरीदारी की, जबकि बच्चों ने खिलौनों की दुकानों पर मनपसंद सामान खरीदे। मंदिर के मुख्य पुजारी रजनीश पांडेय ने बताया कि नवरात्र के दूसरे दिन और सोमवार होने के कारण सुबह से ही दर्शनार्थियों का आगमन शुरू हो गया था। देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरे दिन मां शीतला के जयकारों से गड़बड़ा धाम गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा