फेसबुक की दोस्ती बनी प्यार, दो बच्चों की मां ने प्रेमी संग मंदिर में रचाई शादी

 


मीरजापुर, 05 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती आखिरकार शादी के बंधन तक पहुंच गई। राजगढ़ थाना क्षेत्र में फेसबुक के जरिए हुई पहचान प्रेम में बदली और फिर दो बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ मंदिर में विवाह रचाकर उसके घर पहुंच गई। यह अनोखा प्रेम प्रसंग क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

राजगढ़ थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव निवासी 19 वर्षीय युवक की पहचान सोनभद्र जनपद की एक महिला से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ने लगीं। समय के साथ यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे।

मामले की जानकारी होने पर महिला के पति ने आपत्ति जताते हुए करमा थाने में शिकायत की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को परिजनों सहित थाने बुलाकर समझाने का प्रयास किया। परिवार के लोगों ने भी महिला को मनाने की कोशिश की, लेकिन महिला और युवक अपने फैसले पर अड़े रहे।

बताया जाता है कि महिला अपनी दो वर्षीय और चार वर्षीय बेटियों को साथ लेकर पति का घर छोड़ प्रेमी के साथ चली गई। शुक्रवार को दोनों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में एक मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद युवक महिला और दोनों बच्चियों को अपने घर ले गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस प्रेम कहानी की खूब चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह रिश्ता अब लोगों के बीच कौतूहल और बहस का विषय बना हुआ है। हालांकि मामले में किसी पक्ष की ओर से नई कानूनी कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा