पटाखा फैक्ट्री के गोदाम में विस्फोट, एक दर्जन मकान छतिग्रस्त, दो घायल

 


रायबरेली, 16अक्टूबर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में शुक्रवार को एक अवैध पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दो लोग घायल हैं। घायलाें का इलाज़ किया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र अहियारायपुर इलाके में घनी आबादी के बीच अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि आगामी दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए यह स्टॉक जुटाया गया। शुक्रवार दोपहर अचानक हुए इस जोरदार विस्फोट की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना शक्तिशाली था कि करीब एक दर्जन मकान व एक मस्जिद छतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा आस-पास के घरों की नींव तक हिल गई।

हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक आशीष निगम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। अवैध रूप से पटाखा संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे