दिव्यांगों के बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी ने खींचा लोगों का ध्यान
मीरजापुर, 06 नवंबर (हि.स.)। विकास भवन में शुक्रवार को दिव्यांगजन दीपावली मेले का शुभारंभ सीडीओ विजय कुमार सिंह ने किया। मां बलिराजी सेवा संस्था की ओर से आयोजित दो दिवसीय मंडल स्तरीय मेले में दिव्यांग बच्चों की रचनात्मकता और हुनर देखने को मिला।
सीडीओ ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद विभिन्न स्टाॅलों का निरीक्षण कर बच्चों के हाथों से तैयार उत्पादों की खरीदारी की। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत चयनित दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और ट्राईसाइकिल भी वितरित की गईं।
प्रदर्शनी में मिट्टी के दीये, गुल्लक, मूर्तियां, डिजाइनर दीये और सजावटी सामान रखे गए। कछवां निवासी दिव्यांग राजकुमार प्रजापति के मिट्टी से बने दीये, गिलास और अन्य उत्पाद विशेष आकर्षण रहे। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, पीडी धर्मजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन का संयोजन पवन कुमार सिंह और अरुण कुमार सिंह ने किया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा