दिसंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू होंगी कृषि, लॉ और बीएड की परीक्षाएं
मीरजापुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कृषि, एलएलबी, बीए-एलएलबी, बीपीएड, बीएड और एमएड की परीक्षाएं दिसंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू होंगी। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने बताया कि स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं 23 नवंबर से प्रारंभ होंगी। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है।
कुलपति ने बताया कि आगामी परीक्षाओं को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विभागीय कार्यों में नियमितता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा विभाग आगामी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटा है। विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के अनुसार परीक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा