भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक कर बांटा पूर्व पदाधिकारियों का सुख-दुख

 


वाराणसी, 08 अक्टूबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वाराणसी में दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन रोहनियां में गोकुल धाम रिसॉर्ट में पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुख-दुख काे बांटा। बैठक में पूर्व पदाधिकारियों ने बहुत समय बाद मिले अपने साथियों को देखकर प्रसन्नता जाहिर की। इस दौरान पूर्व पदाधिकारियों ने भाजपा में किए गए कार्यों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को देते हुए उन्हें पुनः सक्रिय करने की मांग की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक में कहा कि काशी क्षेत्र के तीन टर्म के पूर्व जिलाध्यक्षों और पूर्व में क्षेत्र एवं प्रदेश में कार्यरत पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनके पार्टी कार्यों की जानकारी ली है। संगठन को वर्षों तक अपनी निष्ठावान सेवाएं देने वाले हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और सुझावों से पार्टी को सदैव नई ऊर्जा और मजबूती मिलती है। यह बैठक परिवार के अनुभवी सदस्यों की बैठक थी।

इस दौरान पूर्व पदाधिकारी शिवनाथ यादव ने कहा कि वर्तमान समय के कार्यकर्ताओं से अभी उनका ठीक से परिचय नहीं है। इस बैठक में पुराने कई कार्यकर्ता मिले हैं, जिनके साथ हमने कार्य किया है। पूर्व कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह की बैठक होते रहनी चाहिए। इससे नई ऊर्जा मिलती है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, सह प्रदेश प्रभारी जगदीश पटेल और प्रभारी रमेश सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद