पूर्व मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता की पुण्यतिथि पर सेवा कार्यक्रम, जरूरतमंदों को वितरित की गई सामग्री

 




लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अर्जुनगंज स्थित महामना शिक्षण संस्थान (भाऊराव देवरस सेवा न्यास) परिसर में शुक्रवार काे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता के पुत्र डॉ. राजीव लोचन गुप्ता ने जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कुर्ता-पायजामा, चप्पल, जूते, कच्चा राशन, दवाइयां तथा अल्पाहार सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि उनके पिता का जीवन सदैव सेवा, सादगी और समाजहित के कार्यों के लिए समर्पित था, उसी प्रेरणा से यह सेवा कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि राम प्रकाश गुप्ता ने अपने कार्यकाल में जनसेवा और ईमानदारी की मिसाल कायम की, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।

इस अवसर पर आभा लोचन गुप्ता, डॉ. सदानंद, राकेश पांडे, शारदानंद मिश्रा, मुक्त चरण, डॉ. अभय तिवारी, प्रवीण पांडे, रवि प्रकाश जायसवाल, डॉ. ज्योत्सना अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह