बागपत की जिलाधिकारी ने निर्वाचन वेयरहाउस का लिया जायजा
बागपत, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मंगलवार को निर्वाचन वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान ईवीएम की प्राथमिक स्तर की जांच (एफसीएल) से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने ईवीएम और अन्य निर्वाचन सामग्री का रख-रखाव पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप करने को कहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने एफएलसी प्रक्रिया को बेहद महत्वपूर्ण माना है। इसलिए हर चरण को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्याय देवेंद्र कुमार पांडे, संबंधित निर्वाचन अधिकारी, कर्मचारी तथा भाजपा जिला मंत्री सुंदर धामा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी