कानपुर भाजपा में सब कुछ सामान्य, मतभेद की कोई बात नहीं : डॉ. दिनेश शर्मा
कानपुर, 14 जनवरी (हि.स.)। कानपुर नगर निगम महापौर और पार्षदों के बीच किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। पूरी भाजपा पार्टी एक परिवार है और परिवार में बर्तन तो खटकते ही रहते हैं लेकिन वह सभी शहर के विकास के लिए एकजुट होकर लगे हुए हैं। शहर में बहुत अच्छे कार्य हो रहे हैं। भाजपा सरकार में सभी कार्यकर्ता और नेता एक समान हैं। कोई भी छोटा या बड़ा नहीं है। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने मीडिया के सवाल महापाैर पुत्र बंटी पाण्डेय और पार्षदों के बीच चल रहे विवाद पर कही।
उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आज कानपुर पहुंचे। जहां पर उन्होंने हैलट अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती अवध प्रांत के सह प्रचारक संजय की माता जी से मिलकर उनका हालचाल जाना। इसके साथ उन्होंने माता की के उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी करी।
पत्रकारों द्वारा पार्षदों और महापौर के बीच चल रहे विवाद को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वह खुद करीब ग्यारह साल तक महापौर रहे हैं। महापौर और पार्षदों के बीच कोई विवाद नहीं होता है। बल्कि विकास कार्यों को लेकर एक दूसरे से चर्चा की जाती है। ताकि विकास को गति मिल सके। पूरी बीजेपी पार्टी एक परिवार है और जहां परिवार में चार सदस्य होंगे, तो वहां पर आपस में बर्तन जरूर खटकेंगे। तो इसे विवाद नहीं कहा जा सकता, क्योंकि भाजपा पार्टी एक परिवार है जिसमें जुड़े सभी कार्यकर्ता और नेता उसका हिस्सा है यहां पर कोई भी छोटा और बड़ा नहीं है। उन्होंने अपने पास खड़े सांसद रमेश अवस्थी और गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी का जिक्र करते हुए कहा कि शहर की बागडोर इनके हाथों में है। यही कारण है कि यहां पर विकास दिख रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप