इटावा सफारी पार्क में बब्बर शेरनी राधिका की इलाज के दाैरान मौत

 


इटावा, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में स्थित सफारी पार्क में बब्बर शेरनी राधिका की इलाज के दौरान साेमवार काे मौत हो गई। डॉक्टरों की टीम पिछले डेढ़ माह से शेरनी राधिका का उपचार कर उसे बचाने का प्रयास कर रही थी।

सफारी पार्क के निदेशक अनिल कुमार पटेल ने बताया कि बीते नौ जुलाई को बब्बर शेरनी नीरजा ने राधिका की पूंछ काटकर उसे घायल कर दिया था, जिसके बाद मथुरा के पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सालय विश्वविद्यालय के चिकित्सक शेरनी का उपचार कर रहे थे। टीम ने इन्फेक्शन फैलने से रोकने के लिए उसकी पूंछ को काटकर छोटा किया था, तभी से शेरनी ने खाना पीना बंद दिया था। खाना पीना बंद करने के कारण वह बेहद कमजोर हो गई थी। हालांकि डॉक्टरों की टीम के द्वारा उसे पेय पदार्थ दिया जा रहा था।

निदेशक ने बताया कि इलाज के दाैरान शेरनी राधिका पर डॉक्टरों की टीम सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रख रही थी। आज सुबह साढ़े चार बजे शेरनी ने अंतिम सांस ली। सफारी प्रशासन ने डॉक्टरों के पैनल से उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने शेरनी का विसरा एकत्र कर जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शेरनी की मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। प्रथम दृष्टया डॉक्टर कमजोरी की वजह से मल्टी ऑर्गन फैलियर से मौत होने की वजह मान रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह