दौड़ के ट्रैक पर दिखा धावकों का जोश, कबड्डी में भी दमखम, विधायक ने किया प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
- 21 खिलाड़ियों को नौकरी दिला चुका खेल मैदान
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर बनस्थली ग्राउंड में सजी खेल प्रतिभाओं की महफिल
मीरजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में मनाए गए राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को अहरौरा के बनस्थली महाविद्यालय स्थित खेल मैदान खिलाड़ियों के जोश से भर उठा। नि:शुल्क स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में दौड़ और कबड्डी में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने 1600 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाने के साथ गन फायर कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए विधायक ने कहा कि पहाड़ के किनारे स्थित ऊबड़-खाबड़ मैदान पर अवधेश सिंह ने नि:शुल्क खेल प्रशिक्षण की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास से अब तक 21 खिलाड़ियों को मुकाम हासिल हुआ और उन्हें सरकारी नौकरी मिली है। यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।
600 मीटर दौड़ में सुमन पटेल ने प्रथम, आकांक्षा यादव ने द्वितीय और सपना कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं 1600 मीटर दौड़ में किशन कुमार प्रथम, मुकेश यादव द्वितीय और मंगेश्वर तृतीय रहे। कबड्डी में खजुरोल अदलहाट की टीम ने बाजी मारी, जबकि जुड़ई अहरौरा की टीम उपविजेता रही।
विजेताओं को विधायक ने मेडल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी समेत सैकड़ों खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। अंत में आयोजक अवधेश कुमार सिंह ने सभी का आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा