ऑपरेशन सेवा के तहत आरपीएफ ने 2 वर्षीय बीमार बच्चे को समय पर दिलाई चिकित्सा सहायता
-कांवड़ मेला ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक जसबीर सिंह एवं आरपीएफ कांस्टेबल मोहन पाल को मिली थी सूचना
मुरादाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार काे तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बीमार 2 वर्षीय बच्चे को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर उसकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में मदद की।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि बीती रात्रि लगभग 9 बजकर 15 बजे हरिद्वार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान तैनात सहायक उप निरीक्षक जसबीर सिंह एवं आरपीएफ कांस्टेबल मोहन पाल को एक महिला यात्री ने सूचना दी कि उसका लगभग 2 वर्षीय पुत्र कृतक पुत्र श्री विजय कुशवाहा, निवासी ग्राम/पोस्ट-पारा, जनपद हरदोई, उत्तर प्रदेश तेज बुखार के कारण अचानक बेहोश हो गया है।
महिला यात्री अपने बच्चे के साथ हरिद्वार से हरदोई की यात्रा करने वाली थी। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए वह काफी परेशान थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मियों ने बिना किसी देरी के एम्बुलेंस की व्यवस्था कर बच्चे को उसकी माता के साथ मेला अस्पताल, हरिद्वार भेजा, जहां चिकित्सकों ने बच्चे का तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से बच्चे की स्थिति में सुधार हुआ और उपचार के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य हो गई।
चिकित्सकों की सलाह के अनुसार बच्चे को स्वस्थ स्थिति में उसकी माता के साथ पुनः रेलवे स्टेशन लाया गया। इसके बाद त्च्थ् कर्मियों ने बच्चे एवं उसकी माता को ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस से हरदोई की यात्रा के लिए सुरक्षित रूप से रवाना कराया। बच्चे के परिवार ने कर्मियों द्वारा समय पर की गई सहायता, संवेदनशील व्यवहार और मानवीय सेवा के लिए आभार व्यक्त किया।
कांवड़ मेला-2026 के दौरान उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और सुविधा के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
‘ऑपरेशन सेवा’ के अंतर्गत आरपीएफ द्वारा की गई यह त्वरित कार्रवाई यात्रियों की सहायता के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल