मीरजापुर में नहर की नाली पर अतिक्रमण से सूख रहे खेत, किसानों ने पानी के लिए एसडीएम से लगाई गुहार

 


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने सोमवार को तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी चुनार को ज्ञापन सौंपकर नहर की नालियों से अतिक्रमण हटाने और उनकी सफाई कराने की मांग की।

किसानों ने बताया कि ग्राम कजाकपुर, महुली, मेहंदीपुर, मानिकपुर, कल्याणीपुर और मझवा सहित आसपास के गांवों की खेती अहरौरा बांध से निकली मेन कैनाल की कुलवा नंबर-4 नहर पर निर्भर है। यही सिंचाई का प्रमुख साधन है, लेकिन नहर से निकली सिंचाई नालियों पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया है।

किसानों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण सिंचाई नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। नालियों में सिल्ट जमा होने से पानी खेतों तक नहीं पहुंच रहा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि सिंचाई नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए तथा नालियों की सफाई कराकर किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए।

ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह, जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी, सभासद संजय कुमार, रामदुलार, पिंकी जैसवारा, मुकुटधारी सिंह, राम सिंगार सिंह, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा