पुलिस मुठभेड़ शातिर गौ तस्कर घायल, अवैध असलहे समेत गिरफ्तार

 


बाराबंकी , 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के थाना मसौली व सफदरगंज की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ में एक गौ तस्कर को घायल कर गिरफ्तार किया गया। इस तस्कर के विरुद्ध बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।

एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया की शुक्रवार की भोर पहर थाना मसौली व सफदरगंज की संयुक्त पुलिस अपने -अपने थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी नेवला करसण्डा आईआईटी मार्ग की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति के मोटरसाइकिल से आने की सूचना प्राप्त हुई, जिसे पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया गया तो संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में संदिग्ध के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु तत्काल सीएचसी बड़ागांव भेजा गया।

घायल अवस्था में गिरफ्तार अपराधी की पहचान बकरीदी उर्फ गरीबा पुत्र स्व0 हसन निवासी बंजारनपुरवा (जमालपुर) थाना मसौली जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। इस गौ तस्कर के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस .315 बोर, एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया। बकरीदी उर्फ गरीबा थाना मसौली में गोवध निवारण अधिनियम में वांछित था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी