डीजे की धुन पर बाइक रैली, सम्राट अशोक जयंती पर युवाओं का जोश

 


मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। हलिया विकास खंड के चककोटार स्थित बौद्ध स्थल से बुधवार को सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर भीम आर्मी कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों ने बाइक रैली निकाली। डीजे की धुन पर सवार युवाओं का जोश पूरे क्षेत्र में देखने को मिला।

रैली बौद्ध स्थल से शुरू होकर कोटार, महुगढ़, गड़बड़ा पुल, रतेह चौराहा, गड़बड़ा धाम, गुलाब चौराहा होते हुए अहुगीकला तक गई और पुनः बौद्ध स्थल पर आकर समाप्त हुई। करीब दस किलोमीटर लंबे मार्ग पर सैकड़ों बाइक सवारों ने भाग लिया।

रैली के दौरान कार्यकर्ता डीजे की धुन पर नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने रैली का स्वागत भी किया। कार्यक्रम में भीम आर्मी भाईचारा कमेटी के जिलाध्यक्ष कप्तान राव, उपाध्यक्ष अर्जुन सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष श्याम नरेश, रवि मौर्य, संदीप सोनकर, विवेक राठौर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा