मीरजापुर : आबादी क्षेत्र से सटे जंगल में हाथियों का जोड़ा, दहशत में ग्रामीण, वन विभाग अलर्ट

 


मीरजापुर, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से निकला हाथियों का जोड़ा एक बार फिर लहुरियादह और भैसोड़ बलाय पहाड़ के जंगलों में पहुंच गया है। गांव से सटे जंगल में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी से ग्रामीणों में दहशत है। वहीं वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रही है।

बताया गया कि प्रयागराज के जंगलों में करीब तीन दिन चहलकदमी करने के बाद हाथियों का जोड़ा दोबारा मीरजापुर क्षेत्र में पहुंचा। सोमवार रात दोनों हाथी लहुरियादह गांव के पास पहुंचे और किसानों की मक्का की फसल रौंदने के साथ पटिया तोड़ दी। इसके बाद दोनों जंगल की ओर बढ़ते हुए भैसोड़ बलाय पहाड़ के जंगल में पहुंच गए।

बुधवार शाम को यूपी-मध्य प्रदेश सीमा से सटे जंगल में हाथी और हथिनी की लोकेशन मिली। वन दारोगा अभिषेक सिंह के नेतृत्व में कुमार कार्तिकेय, अखिलेश्वर दुबे, सर्वेश्वर पटेल और मानवेंद्र सिंह समेत वन विभाग की टीम दिनभर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखती रही।

वन दारोगा अभिषेक सिंह ने बताया कि हाथियों के जोड़े की लगातार निगरानी की जा रही है। लहुरियादह और भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा