अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम में करंट से दो झुलसे, मची अफरा-तफरी
मीरजापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत पंचायत भवन में मंगलवार को डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर जयंती समारोह के दौरान करंट लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो युवक-युवती झुलसकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान डीजे के साथ जुलूस में शामिल बरौंधा निवासी आकाश (18) पुत्र राजू और खुशबू (22) पुत्री त्रिवेणी अंबेडकर प्रतिमा के पास लोहे के सरिये पर झंडा लगा रहे थे। इसी दौरान सरिया अचानक विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे दोनों को तेज करंट लग गया और वे मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल बरौंधा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
घटना के कारण कुछ देर के लिए कार्यक्रम प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति सामान्य होने के बाद आयोजन दोबारा शुरू कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा