महिला की करंट से मौत के बाद एक्शन, बिजली विभाग ने दो पर दर्ज कराई तहरीर
- 500 मीटर दूर तक बिछी थी अवैध केबल, कटे तार की चपेट में आने से गई थी जान
मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के गजरिया गांव में करंट लगने से वृद्ध महिला की मौत के मामले में बिजली विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। स्थलीय निरीक्षण के बाद विभाग ने अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मंगलवार को थाने में तहरीर देकर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
अवर अभियंता रमाशंकर ने अपनी तहरीर में बताया कि गजरिया गांव के दो लोगों द्वारा करीब 500 मीटर लंबी अवैध केबल बिछाकर टुल्लू पंप से सिंचाई की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान केबल कई स्थानों पर कटी मिली, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी कटे तार के संपर्क में आने से वृद्ध महिला बैजंती (64) की मौत हुई।
बताया गया कि सोमवार सुबह बैजंती धान की रोपाई के लिए खेत जा रही थीं। बाण सागर नहर के पास बिछे बिजली के कटे तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की थी।
विद्युत सुरक्षा निदेशालय को भेजी गई रिपोर्ट
एसडीओ दिलीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना और निरीक्षण रिपोर्ट विद्युत सुरक्षा निदेशालय को भेज दी गई है। वहीं पुलिस विभाग की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा