करंट की चपेट में आने से महिला की मौत
औरैया, 16 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ग्राम क्योटरा में रविवार को सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला घर में कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए छत पर गई थी। अचानक बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से वह अचेत होकर छत पर गिर पड़ी।
ग्राम क्योटरा निवासी संगीता पत्नी शिवनंदन अवस्थी रविवार को घर में कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए छत पर गई थीं। वह छत पर कपड़े डाल रही थीं, तभी अचानक बिजली के खंभे के संपर्क में आ गईं। खंभे में करंट उतरने के कारण संगीता को तेज झटका लगा और वह अचेत होकर वहीं गिर पड़ीं। घटना की जानकारी होते ही परिजन घबरा गए और आनन-फानन में संगीता को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली के खंभे और आसपास की विद्युत व्यवस्था की जांच कराकर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार