श्रावस्ती : बिजली का पोल 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराया, करंट की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत
-पोल लगाते समय हुआ हादसा, परिवार ने लगाया बिजली विभाग पर आरोप
श्रावस्ती, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के मोहम्मदापुर गांव में मंगलवार को विद्युत लाइन दुरुस्त करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पोल लगाने के दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से पोल छू गया। करंट उतरने से पोल लगाने में सहयोग कर रहे दो ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को सीएचसी गिलौला से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मोहम्मदापुर निवासी सचिन मिश्रा (22) और वेद प्रकाश पाठक (40) के रूप में हुई है। परिवार से पता चला है कि हाल में हुई तेज बारिश और तूफान के कारण मोहम्मदापुर गांव में विद्युत पोल और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मंगलवार को बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए पोल लगाने का काम चल रहा था। काम शुरू करने से पहले 11 हजार वोल्ट की लाइन का शटडाउन लिया गया था। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और उसमें करंट दौड़ गया। पोल के संपर्क में मौजूद सचिन और वेद प्रकाश करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल सीएचसी गिलौला पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक वेद प्रकाश पाठक के तीन बेटे हैं। मौत की खबर सुनकर दोनों के परिवार में रोना-पीटना मचा हुआ है।
परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पोल लगाने से पहले 11 हजार वोल्ट की लाइन का शटडाउन लिया गया था, लेकिन काम के दौरान बिजली की सप्लाई दोबारा चालू कर दी गई। इसी वजह से पोल हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया और दोनों ग्रामीण हादसे का शिकार हो गए।
गिलौला क्षेत्र के बिजली विभाग के एसडीओ प्रवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण स्वयं पोल लगाने में मदद कर रहे थे और विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी। हादसे के बाद शटडाउन लेने और विद्युत आपूर्ति दोबारा बहाल होने की परिस्थितियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक