विशेष अभियान में कैम्प दिवसों पर मतदाता पंजीकरण के लिए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
दोनों कैम्प दिवसों में मतदाता बनने के लिये कुल मिलाकर 5,59,178 फार्म-6 पर आवदेन प्राप्त
कैम्प दिवसों को प्रभावी ढंग से संचालित करने वाले जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना
लखनऊ, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में छूटे हुये पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान दिवसों में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अभियान के दौरान विशेष रूप से महिलाओं एवं युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया।
विशेष अभियान दिवस के दौरान प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर नागरिकों को मतदाता पंजीकरण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनके आवेदन प्राप्त करने के लिए बूथ लेवल अधिकारी प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 04 बजे तक सक्रिय रहे। नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, प्रविष्टियों में संशोधन कराने संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई।
प्रदेश भर में आयोजित हुये विशेष अभियान दिवसों में 17 अक्टूबर को 1,37,225 तथा 24 अक्टूबर को 4,21,953 मतदाता सूची में जोड़ने के आवेदन (फार्म-6) प्राप्त हुये। इस प्रकार दोनों कैम्प दिवसो पर कुल मिलाकर 5,59,178 नागरिकों द्वारा मतदाता बनने के लिये आवदेन किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कैम्प दिवसों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने वाले जनपदों- हाथरस, गाजीपुर, सम्भल, कौशाम्बी, मथुरा, अमेठी एवं बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने गाजियाबाद, बुलन्दशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अम्बेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ तथा गौतमबुद्धनगर जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस दिशा में और अधिक मेहनत करने हेतु निर्देशित किया। अन्य सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आगामी अभियानों में प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने के भी निर्देश दिये।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदाता पंजीकरण से संबंधित आवेदनों का तत्परतापूर्वक एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए जनजागरूकता गतिविधियों को निरंतर प्रभावी बनाए रखा जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उत्तर प्रदेश में रहने वाले समस्त नागरिकों से अनुरोध किया है कि ceouttarpradesh.nic.in पोर्टल पर उपलब्ध मतदाता सूची में अपना नाम खोज लें। मतदाता सूची में नाम न होने की स्थिति में फार्म-06 भर दें। मतदाता सूची में नाम अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने की स्थिति में फार्म-08 भरकर उसे ठीक करा लें। मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी एवं आवेदन करने के लिये पोर्टल voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, उपर्युक्त पोर्टल एवं ECINET एप पर उपलब्ध सेवा Book A Call With BLO के माध्यम से अपने क्षेत्र के बीएलओ से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा