चुनार जंक्शन के पास झाड़ी में मिला वृद्ध का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

 


मीरजापुर, 16 जून (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र स्थित चुनार जंक्शन के पैदल यात्री पुल के नीचे डीएफसीसी रेल लाइन के किनारे झाड़ियों में मंगलवार अपराह्न एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मीरजापुर मर्चरी भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को करीब तीन बजे पैदल यात्री पुल से होकर चुनार जंक्शन आने-जाने वाले रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों को दुर्गंध महसूस हुई। जब लोग दुर्गंध के स्रोत के पास पहुंचे तो झाड़ियों में एक वृद्ध का शव पड़ा दिखाई दिया। शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चुनार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कई दिन पहले हुई होगी।

चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि एक वृद्ध का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की शिनाख्त कराने के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा